उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के थाना गंगोह इलाके में योगेश रोहिला ने अपने तीन मासूम बच्चों और पत्नी को गोली मार दी। गोली लगने से दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के एक राजनीतिक दल से जुड़े होने की बात भी सामने आई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सजवान ने बताया कि योगेश रोहिला नामक एक व्यक्ति का फोन आया था। उसने खुद ही पुलिस को फोन करके अपने तीन बच्चों और पत्नी को गोली मारने की जानकारी दी।
मौके पर पुलिस पहुंची तो अभियुक्त ने बताया कि उसे पत्नी के चरित्र पर शक था। इस कारण उसने इस घटना को अंजाम दिया है। उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से घटना को अंजाम दिया है। घटना में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि पत्नी और एक बच्चा अस्पताल में हैं।
उन्होंने बताया कि अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और लाइसेंसी पिस्टल को कब्जे में ले लिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वारदात के समय गोलियों की आवाज सुनकर पास-पड़ोस के लोग और योगेश के चाचा मौके पर पहुंचे, लेकिन घर का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद योगेश ने दरवाजा खोला और पुलिस को फोन करते हुए कहा कि उसने अपनी पत्नी और बच्चों को गोली मार दी है।
हैरानी की बात यह रही कि उसने भागने की कोशिश नहीं की। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। सूचना मिलते ही आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल में जुट गए। पुलिस ने आरोपी योगेश रोहिला को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है। – एजेंसी
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
