- न्यूज मंत्रा लाइव ब्यूरो डेस्क
Train Accident : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार की सुबह भीषण रेल हादसा हो गया। लालखदान स्टेशन के पास हावड़ा रूट पर चल रही एक पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी आपस में आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि यात्री ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में अब तक चार यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए आसपास के कई थानों और मेडिकल यूनिट को भी सक्रिय कर दिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि पैसेंजर ट्रेन मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गई। हादसे के बाद आसपास के गांवों के लोग भी मदद के लिए पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में सहयोग किया।
रेलवे ने हादसे के बाद कई हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, ताकि यात्री और उनके परिजन सही जानकारी प्राप्त कर सकें:
-
चंपा जंक्शन: 808595652
-
रायगढ़: 975248560
-
पेंड्रा रोड: 8294730162
-
घटनास्थल हेल्पलाइन नंबर: 9752485499, 8602007202
रेलवे ने बताया कि ये सभी नंबर 24 घंटे सक्रिय रहेंगे और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
दुर्घटना के चलते हावड़ा रूट पर रेल यातायात ठप हो गया है और कई ट्रेनों का रूट डायवर्ट कर दिया गया है। रेलवे इंजीनियरिंग और सुरक्षा टीम हादसे की वजह की जांच में जुटी है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर दुख जताया है और बिलासपुर के जिलाधिकारी संजय अग्रवाल से वीडियो कॉल पर स्थिति की जानकारी ली है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
👉 हादसे से जुड़ी हर अपडेट और रेस्क्यू ऑपरेशन की लाइव जानकारी के लिए न्यूज़ मंत्रा लाइव को फॉलो करें।
🚨 अपने क्षेत्र की ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो अपडेट और सरकारी अलर्ट पाने के लिए Telegram चैनल से जुड़ें।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
