- न्यूज मंत्रा लाइव इंटरनेशनल डेस्क
भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने गुरुवार को मॉस्को में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी, व्यापार, ऊर्जा, रक्षा और वैश्विक परिदृश्य पर विस्तृत बातचीत की।
बैठक में रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव, रूस के प्रथम उपप्रधानमंत्री डेनिस मांटुरोव और रूस में भारत के राजदूत विनय कुमार भी मौजूद रहे।
जयशंकर ने अपने X पोस्ट में लिखा:
“आज क्रेमलिन में राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात कर सम्मानित महसूस किया। मैंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुभकामनाएं उन्हें प्रेषित कीं। वार्षिक शिखर सम्मेलन की तैयारियां तेज़ी से आगे बढ़ रही हैं।”
लावरोव और जयशंकर की मुलाकात
इससे पहले जयशंकर ने रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने यूक्रेन, ईरान, पश्चिम एशिया, अफगानिस्तान और भारतीय उपमहाद्वीप के मुद्दों पर विचार साझा किए। साथ ही, व्यापार, ऊर्जा, स्वास्थ्य, रक्षा और संयुक्त राष्ट्र, जी20, ब्रिक्स, एससीओ जैसे मंचों पर सहयोग को और गहरा करने पर सहमति जताई।
भारत-रूस साझेदारी पर जोर
रूसी विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, दोनों देशों ने अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को मजबूत करने और ग्लोबल साउथ के देशों को सहयोग देने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं, लावरोव ने कहा कि भारत और रूस एक-दूसरे को विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदार मानते हैं और मौजूदा बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था में दोनों देशों की भूमिका अहम है।
जयशंकर ने विश्वास जताया कि यह मुलाकातें आगामी भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन को अधिक “परिणाममुखी” बनाने में मददगार होंगी।
👉 भारत-रूस संबंधों और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़ी बड़ी खबरों और फैक्ट-चेक रिपोर्ट्स के लिए न्यूज़ मंत्रा लाइव से जुड़े रहें।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
